अलोद पंचायत भवन में शांति समिति की बैठक, रामनवमी व उर्स जुलूस को लेकर बूंदी प्रशासन सख्त !

बूंदी जिले के दबलाना थाना क्षेत्र के अलोद पंचायत भवन में जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा एवं जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में रामनवमी और उर्स के जुलूसों को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन कर्ताओं, सीएलजी सदस्यों तथा शांति समिति के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने कहा कि कोई भी धर्म भेदभाव नहीं सिखाता, इसलिए सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति अशांति फैलाने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक को संबोधित करती ASP बूंदी उमा शर्मा।

जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने भी सभी से मिलजुलकर त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि एकता से असंभव कार्य भी संभव हो जाते हैं और किसी भी छोटी-मोटी बात को आपसी संवाद से सुलझाया जाना चाहिए, ताकि समाज में सौहार्द बना रहे।

ASP उमा शर्मा ने शांति और सद्भाव को समाज की प्रगति की नींव बताते हुए जागरूक नागरिकों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। वहीं हिंडोली डीएसपी अजीत मेघवंशी ने अपराध रोकथाम और शांति बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

बैठक के दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने अलोद कस्बे में पुलिस चौकी खोलने की मांग भी प्रशासन के सामने रखी।

बैठक के समापन के बाद जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने अलोद कस्बे में जुलूस के रूट का फ्लैग मार्च कर निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक के समापन के बाद जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने अलोद कस्बे में जुलूस के रूट का फ्लैग मार्च कर निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर दबलाना थाना अधिकारी प्रिया व्यास, हिंडोली थाना अधिकारी मुकेश कुमार यादव, सहायक थाना अधिकारी भंवर सिंह शक्तावत, तहसीलदार रतनलाल मीणा, नायब तहसीलदार रामकिशन मीणा सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *