महिला ने हिंडोली थाने में दी रिपोर्ट, जान से मारने की धमकी का आरोप लगाया |
- हिण्डोली। थाना क्षेत्र के हरना गांव की एक महिला ने अपनी पुश्तैनी जमीन को लेकर कुछ लोगों पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में रिपोर्ट दी है।
- प्रार्थिया महावीर बाई पत्नी धन्नालाल बैरवा निवासी हरना, तहसील हिण्डोली ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी जमीन स्कूल के पास स्थित है, जहां गेहूं की फसल खड़ी है और सिंचाई का समय चल रहा था। जब वह अपने पति के साथ खेत पर पहुंची तो वहां पहले से ही गांव के कुछ लोग मौजूद थे।
- महिला का आरोप है कि राजूलाल पुत्र बालू, जगदीश पुत्र बालू तथा राजू की पत्नी ने एक राय होकर कुल्हाड़ी, दांतली और लकड़ी से उन पर हमला करने का प्रयास किया। हालांकि वह वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। आरोपियों ने खेत पर कब्जा करने और दोबारा आने पर हाथ-पैर काटने तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
- महिला ने बताया कि उक्त जमीन उनकी पुश्तैनी है और करीब 40 वर्षों से परिवार खेती करता आ रहा है। पिता की मृत्यु के बाद वह स्वयं उस जमीन पर खेती कर रही है, लेकिन पिछले कुछ समय से आरोपी उसे और उसके पति को परेशान कर रहे हैं।
- पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा अपनी फसल की सुरक्षा कराने की मांग की है।
