सांवतगढ़ बस स्टैंड चौराहे पर फिर हादसा, बाहरी वाहनों के लिए बना परेशानी का कारण!

बस स्टैंड चौराहे पर फिर हादसा: बाहरी वाहनों की मुसीबत बनी सड़क

सांवतगढ़@रिपोटर शंकर सिंह सोलंकी (08/04/2026)

बस स्टैंड चौराहे पर फिर हादसा, बाहरी वाहनों के लिए बना परेशानी का कारण
सांवतगढ़ कस्बे के मुख्य बस स्टैंड चौराहे पर बुधवार को एक बार फिर हादसा हो गया। सोरण रोड से गुजर रही कंपाउंड मशीन का अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे उसका एक टायर नाले में जा गिरा। घटना के कारण कुछ समय के लिए आवागमन बाधित हो गया और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा सोरण रोड और बूंदी-नैनवा रोड का निर्माण कराया गया है, लेकिन सड़क के दोनों ओर पर्याप्त जगह होने के बावजूद भी चौड़ाई कम रखी गई है। इसका सबसे ज्यादा असर बाहरी क्षेत्रों से आने वाले वाहनों पर पड़ रहा है, जिन्हें यहां से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
घटना के बाद जेसीबी की मदद से मशीन को बाहर निकाला गया, जिसके बाद यातायात को सुचारू किया जा सका। बाहरी वाहन चालकों का कहना है कि चौराहे की संकरी बनावट के कारण भारी वाहनों को मोड़ने में काफी समय लगता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
व्यस्त चौराहा, लेकिन बाहरी यातायात के लिए चुनौती
सांवतगढ़ का यह मुख्य बस स्टैंड चौराहा कई गांवों और बड़े शहरों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। यहां से निजी बसें, रोडवेज बसें और भारी वाहन लगातार गुजरते रहते हैं। सोरण रोड का नेशनल हाईवे 148डी से जुड़ाव होने के कारण इस मार्ग पर बाहरी यातायात का दबाव और अधिक रहता है।
इसके अलावा, इसी चौराहे से राजधानी जयपुर और जिला मुख्यालय बूंदी के लिए दिन-रात आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में बाहर से आने वाले वाहन चालकों को यहां की संकरी सड़क और सीमित जगह के कारण काफी परेशानी उठानी पड़ती है।
वाहन चालकों का कहना है कि चौराहे पर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि बाहरी यातायात सुचारू रूप से गुजर सके और बार-बार होने वाली इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

सड़क के कॉर्नर पर घुमाओ वाली जगह पर पर्याप्त जगह नहीं होने से भारी वाहन को घूमने में समस्या होती है आज ही कंबाइंड मशीन का टायर नाली में गिर गया जिससे जेसीबी की सहायता से बाहर निकाला गया। सार्वजनिक निर्माण विभाग को चौराहे वाली जगह पर सड़क की चौड़ाई बढ़ानी चाहिए। हमारे द्वारा लिखित में संबंधित विभाग को समस्या के बारे में अवगत करवाया जा रहा है।

ग्राम पंचायत के उप प्रशासक(उपसरपंच) लटूरलाल बैरवा

भारी वाहनों को मोड़ने में काफी समय लगता है, जिससे जाम की स्थिति बन जाती है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *