बडानयागांव/हिंडोली।
पंचायत समिति हिंडोली की ग्राम पंचायत बड़ा नयागांव में विभागीय लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां एक विधवा महिला को कई वर्षों से पेंशन नहीं मिल रही है, जबकि उसके नाम से जारी पेंशन की राशि किसी अन्य खाते में जा रही है।जानकारी के अनुसार बड़ा नयागांव निवासी कमलाबाई पत्नी स्व. भंवरलाल जांगिड़ वर्ष 2012 से पहले से विधवा पेंशन प्राप्त कर रही थीं। जिनके पेंशन पीपीओ नंबर-01699321 हे। लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते पिछले कई वर्षों से उनके बैंक खाते में पेंशन की राशि जमा नहीं हो रही है।बताया गया कि 6 जुलाई 2022 को पीड़ित महिला के खाते में ₹1500 की पेंशन राशि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया शाखा बड़ा नयागांव में प्राप्त हुई थी। इसके बाद से अब तक विधवा महिला को पेंशन की कोई राशि प्राप्त नहीं हुई है। महिला पेंशन के लिए लगातार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।कमलाबाई का कहना है कि वह समय-समय पर ई-मित्र के माध्यम से आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया और जीवित प्रमाण पत्र भी जमा कराती रही हैं। इसके बावजूद उनके खाते में पेंशन की राशि नहीं पहुंच रही है।इस मामले का खुलासा तब हुआ जब कमलाबाई लंबे समय बाद बैंक में पैसे निकालने पहुंचीं। बैंक खाते की जांच करने पर पता चला कि काफी समय से उनके खाते में पेंशन की ₹1 भी राशि जमा नहीं हुई है।कमलाबाई के बेटे भवानीशंकर ने बताया कि गुरुवार को वह अपनी मां के साथ बैंक में पैसे निकालने पहुंचे थे। वहां बैंक प्रबंधन ने बताया कि उनकी मां के खाते में पेंशन की राशि नहीं आ रही है। इसके बाद वह जानकारी लेने के लिए पंचायत समिति हिंडोली पहुंचे, जहां पता चला कि किसी अन्य महिला, जिसका नाम भी कमला है, के खाते में पेंशन का भुगतान किया जा रहा है। इससे सिस्टम की खामियां और विभागीय लापरवाही साफ नजर आती है।भुगतान प्रक्रिया पर भी उठे सवालजानकारी के अनुसार पेंशन का भुगतान जन आधार में जुड़े बैंक खाते में ही किया जाता है। लेकिन इस मामले में जन आधार में सही खाता नंबर जुड़े होने के बावजूद किसी अन्य खाते में भुगतान होना कई सवाल खड़े करता है। यह सिस्टम की खामी है या विभागीय लापरवाही, इसकी जांच जरूरी है।पीड़ित महिला ने संबंधित विभाग से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने और उनकी बकाया पेंशन राशि जल्द से जल्द उनके खाते में जमा करवाने की मांग की है।
पंचायत समिति हिंडोली के विकास अधिकारी संजय मोदी-ने बताया कि जन आधार अकाउंट सीडिंग की समस्या के कारण विधवा महिलाओं का वर्षों का पेंशन भुगतान उनके खातों में ट्रांसफर नहीं हो पा रहा है। और किसी दूसरे अकाउंट में गलत ट्रांसफर किया जा रहाहै।मोदी ने कहा, “हम पंचायत समिति से लेटर जारी करवाकर उस खाते में गया पेमेंट रिफंड करवा देंगे और बैंक को आवश्यक आदेश देकर विधवा महिलाओं को राहत दिलाएंगे।”प्रार्थियों से अपील है कि एक बार पंचायत समिति कार्यालय से संपर्क करें। समस्या का समाधान शीघ्र होगा।
