(बुंदी/ 26 मार्च 2026)
बुंदी सदर थाना पुलिस ने पत्नी की हत्या करने वाले उसके पति को महज 12 घंटे में ही दबोच लिया है. आरोपी उत्तर प्रदेश भागने के फिराक में था, इसी बीच पुलिस टीम के हत्थे चढ़ गया. पुलिस टीम ने आरोपी काजू को गिरफ्तार कर थाने ले आई है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है. जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा ने आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए मामले का खुलासा किया है.
संबंध बनाने को लेकर दोनों में हुई बहस:
थाना प्रभारी भंवर सिंह ने बताया कि बुधवार देर रात पति-पत्नी में संबंध बनाने को लेकर झगड़ा हो गया. पहले गाली-गलौज हुई, इसके बाद आरोपी काजू ने अपनी पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी. आरोपी ने नशे की हालत में महिला को जमकर पीटा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. सीआई ने बताया कि देर रात सूचना पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां मृतका की मां ने लिखित रिपोर्ट में काजू पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाया.
12 घंटे में दबोचा आरोपी:
सदर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना के बाद पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देश पर टीम गठित कर महिला की हत्या करने वाले आरोपी की गहन तलाश की गई. आरोपी काजू घटना को अंजाम देकर फरार हो गया था और दोपहर बाद बूंदी से उत्तर प्रदेश भागने की तैयारी में था. पुलिस टीम ने उसे 12 घंटे के अंदर ही दबोच लिया. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है.
